संदीप गौतम हत्याकाण्ड का हुआ पर्दाफाश, प्रेम प्रसंग बना था वजह

जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों समेत एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मुकदमा धारा 103(1)/3(5) भारतीय न्याय संहिता से संबंधित अभियुक्त दीपक भार्गव, अभिषेक गौतम, अखिलेश गौतम उर्फ मंजय, अमन उर्फ रेड्डी, नन्द किशोर उर्फ नन्दू तथा एक बाल अपचारी को बरसठी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। सभी को चालान कर न्यायालय भेज दिया गया।
मृतक संदीप की बुआ सोनी गौतम ने आरोप लगाया कि गुरुवार रात करीब दो बजे एक युवती ने फोन कर संदीप को मिलने के लिए बुलाया था। आरोप है कि युवती के परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
शुक्रवार सुबह परिवार के लोग घर के सामने स्थित विद्यालय पहुंचे तो गेट पर ताला बंद मिला। ताला खुलवाकर अंदर जाने पर संदीप का शव पाइप से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का कहना है कि संदीप गांव की एक युवती से बातचीत करता था, जिससे युवती के परिजन नाराज रहते थे। आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले भी आरोपितों ने रास्ते में रोककर संदीप की पिटाई की थी। घटना के समय मृतक के माता-पिता मध्य प्रदेश में थे।

