अपराध

चकबंदी कानूनगो 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

जौनपुर में रिश्वतखोरी पर विजिलेंस का बड़ा एक्शन, शाहगंज तहसील का चकबंदी कानूनगो 10 हजार रुपये लेते गिरफ्तार

जौनपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी की टीम ने शुक्रवार को शाहगंज तहसील में बड़ी कार्रवाई करते हुए चकबंदी कानूनगो को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी पर एक भूमि विवाद से जुड़े प्रकरण में रिपोर्ट लगाने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, खुटहन थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी मान सिंह ने अपनी चकबंदी संबंधी आपत्ति शाहगंज स्थित चकबंदी कार्यालय में दाखिल की थी। आरोप है कि मामले में अनुकूल रिपोर्ट लगाने के एवज में चकबंदी कानूनगो अनिल कुमार ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
पीड़ित ने इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी से की। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने गोपनीय जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद ट्रैप टीम ने पूरी योजना बनाकर शुक्रवार को शाहगंज तहसील परिसर के मुख्य गेट पर कार्रवाई की।
जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी कानूनगो को 10 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अपने साथ ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विजिलेंस अधिकारियों ने कहा कि सरकारी कार्य के बदले यदि कोई भी लोकसेवक रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान से की जा सकती है। भ्रष्टाचार के मामलों में दोषियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button