करंट की चपेट में आने से पुत्र की मौत, पिता गंभीर

जौनपुर. सुरेरी गांव में शुक्रवार को करंट की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक हर्ष सिंह की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पिता पंकज सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि हर्ष NEET की तैयारी कर रहा था।
जानकारी के अनुसार पंकज सिंह की भैंस चरते-चरते घर के बगल स्थित हरे चारे के खेत में पहुंच गई। भैंस को हांकने के लिए पंकज सिंह खेत में गए थे। इसी दौरान खेत में फैले करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
पिता को बचाने के लिए उनका 23 वर्षीय पुत्र हर्ष मौके पर पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। घटना देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला और उपचार के लिए भदोही स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं पंकज सिंह का उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हरे चारे वाले खेत के ऊपर से गुजर रहा 440 वोल्ट का विद्युत तार काफी नीचे लटक रहा था। इसकी शिकायत बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार को खेत में पानी भरा होने के कारण करंट फैल गया, जिससे यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
इस संबंध में प्रभारी थाना अध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
वहीं इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ मुरलीधर मौर्या ने बताया की तार लटकने की कोई जानकारी नहीं दी गई थी फिर भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।