Uncategorized

समरसेबुल पंप के लिए खोदे गए पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत

 

जौनपुर । बरसठी थाना क्षेत्र के गारोपुर गांव में बुधवार शाम समरसेबुल पंप लगाने के लिए खोदे गए पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गारोपुर निवासी अच्छेलाल उर्फ पप्पू गौतम ने समरसेबुल पंप लगाने के लिए मंगलवार को बोरिंग कराई थी। बोरिंग के लिए खोदा गया गड्ढा खुला छोड़ दिया गया था, जिसमें पानी भर गया था। गांव के छह वर्षीय शिवा बिंद पुत्र वीरेंद्र बिंद तथा वर्षीय आरव बिंद पुत्र अनिल बिंद खेलते हुए उसी रास्ते से गुजर रहे थे, इसी दौरान दोनों बच्चे पानी भरे गड्ढे में गिर गए। काफी देर तक दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों और
ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित गड्ढे में खोजबीन के दौरान दोनों बच्चे पानी और दलदल में फंसे मिले। ग्रामीण तत्काल उन्हें उपचार के लिए कटवार बाजार ले गए, जहां से गंभीर हालत में सुरियावां के एक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर बरसठी पुलिस भी मौके पर पहुंची । ग्रामीणों का आरोप है कि यदि बोरिंग के बाद गड्ढे को सुरक्षित तरीके से भर दिया जाता या उसके चारों ओर सुरक्षा के इंतजाम किए गए होते, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने खुले गड्ढों को तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button