Uncategorized

तेज रफ्तार XUV ने पांच बाइकों व स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, युवक की मौत

 

जौनपुर  . शाहगंज मार्ग पर गुरैनी बाजार के पास स्थित आरोग्यम हॉस्पिटल के सामने गुरुवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित XUV कार ने भीषण हादसा कर दिया। कार ने सड़क किनारे खड़ी पांच बाइकों को रौंदते हुए एक स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।जानकारी के अनुसार जौनपुर की ओर से शाहगंज जा रही XUV कार अचानक अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में चली गई और अस्पताल के बाहर खड़ी पांच बाइकों को टक्कर मारते हुए स्कॉर्पियो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे में बरदह थाना क्षेत्र के बनहवा महादेव गांव निवासी करन बिंद (19) पुत्र गनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे 108 एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करन अपनी बहन किरन को दवा दिलाने आरोग्यम हॉस्पिटल आया था। बहन अस्पताल के अंदर थी, जबकि वह बाहर बाइक पर बैठकर उसका इंतजार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

मृतक की बहन किरन ने बताया कि वह दवा लेकर अस्पताल से बाहर निकलने ही वाली थी कि तभी हादसा हो गया। उसने कहा कि यदि वह कुछ सेकंड पहले बाहर आ जाती तो शायद यह हादसा टल सकता था। करन परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनों में दो की शादी हो चुकी है। पिता गनेश खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

घटना के दौरान समीप स्थित एप्पल फैमिली रेस्टोरेंट के संचालक गुड्डू ने घायलों को एंबुलेंस तक पहुंचाने और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button