Uncategorized

खेतासराय क्षेत्र में जंगली सूअर का तांडव, गांव-कस्बे में मचाया हड़कंप, छह लोग घायल

जौनपुर ।शुक्रवार को खेतासराय क्षेत्र में एक जंगली सूअर के आतंक से अफरा-तफरी मच गई। गांव से लेकर कस्बे तक घूमते रहे सूअर ने अलग-अलग स्थानों पर लोगों पर हमला कर दिया, जिससे आधा दर्जन लोग घायल हो गए। लगातार हो रहे हमलों से आक्रोशित ग्रामीणों ने सूअर को घेर लिया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मृत सूअर को दफन कराया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगली सूअर सबसे पहले अरंद गांव में दिखाई दिया, जहां उसने लकी कुमार (17) पुत्र रोशनलाल और नीतीश कुमार (15) पुत्र शिवप्रसाद पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद वह खेतासराय की ओर भाग निकला। कस्बे के पुरानी बाजार गली में सूअर ने शकुंतला देवी (70) पत्नी अमरनाथ उपाध्याय पर हमला कर उन्हें चोटिल कर दिया।
इसके बाद सूअर भभनौटी गांव की दिशा में बढ़ा, जहां एक अन्य व्यक्ति को भी उसने घायल कर दिया। आगे सरवरपुर मोड़ पर जंगली सूअर एक बाइक से टकरा गया, जिससे बाइक सवार नवनीत कुमार (27) पुत्र रामकुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद सोंधी गांव पहुंचकर सूअर ने सुनील बिंद (32) पुत्र संतलाल बिंद और शिवलाल यादव (42) पुत्र तेज बहादुर यादव पर भी हमला कर दिया।
लगातार हो रहे हमलों से क्षेत्र में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर जंगली सूअर को चारों ओर से घेर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग को अवगत कराया गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि जंगली सूअर द्वारा कई ग्रामीणों को घायल किया गया है। वन विभाग की टीम ने घायल सूअर को पशु चिकित्सालय ले जाया, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद नियमानुसार सूअर को दफन कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में शांति है, हालांकि ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगलों से सटे इलाकों में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button