Uncategorized

मड़हे में बैठे सब्जी विक्रेता पर गिरा गुलमोहर का पेड़, दर्दनाक मौत

दो बेटों और बेटी के सिर से उठा पिता का साया, हादसे के बाद गांव में पसरा मातम

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला गांव में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में एक सब्जी विक्रेता की जान चली गई। खेत के पास मड़हे में बैठे 37 वर्षीय अर्जुन सोनकर के ऊपर अचानक गुलमोहर का विशाल पेड़ गिर पड़ा। पेड़ के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।बताया गया कि अर्जुन सोनकर शनिवार सुबह करीब नौ बजे अपने घर से कुछ दूरी पर खेत के पास बने मड़हे में बैठे थे। इसी दौरान अचानक पेड़ टूटने की आवाज आई। इससे पहले कि अर्जुन कुछ समझ पाते, गुलमोहर का पेड़ भरभराकर मड़हे के ऊपर आ गिरा। वह पेड़ के नीचे बुरी तरह दब गए।

पेड़ गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। ग्रामीणों ने किसी तरह पेड़ हटाकर अर्जुन को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

अर्जुन की मौत की खबर मिलते ही पत्नी समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक अपने पीछे दो पुत्र दिग्विजय (11), सुंदरम (9) और पुत्री अंशिका (8) को छोड़ गए हैं। पिता की मौत से तीनों बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button